हरिद्वार, 3 मई। ऑपरेशन प्रहार के तहत रानीपुर पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ा वार करते हुए एक आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। देर रात चेकिंग के दौरान सुमननगर क्षेत्र के गढ़मीरपुर पथरी पुल तिराहे पर पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल पर रोककर तलाशी ली तो मामला चौंकाने वाला निकला। पुलिस ने आरोपी इस्लाम (निवासी भोगपुर, लक्सर) के कब्जे से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के 480 कैप्सूल बरामद किए। कोतवाली प्रभारी मनोहर भंडारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह ये नशीली दवाइयां अपने एक साथी से लेकर आया था, जो न्यू शिफा मेडिकल स्टोर (नसीरपुर कलां, पथरी) से जुड़ा है। पुलिस अब इस नेटवर्क की भी जांच में जुट गई है। आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, साथ ही उसकी स्प्लेंडर प्लस बाइक भी जब्त कर ली गई है। इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उनि अर्जुन कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
