हरिद्वार। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में क्षेत्र-एक हरिद्वार की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर देशी-विदेशी शराब और कच्ची शराब बरामद की है। कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
आबकारी आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला आबकारी अधिकारी कैलाश बिंजोला के मार्गदर्शन में आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने कढ़छ, ज्वालापुर में संतोष-बेबी के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान टीम को 39 टैट्रा पैक देशी मदिरा (माल्टा ब्रांड), 30 केन बीयर और 3 पव्वे 8 PM अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मामले में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज किया गया।
कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। टीम ने टिकोला गांव में देशराज के यहां भी दबिश दी। यहां से करीब 25 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। इस मामले में भी अभियोग दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग की लगातार दबिशों से शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची है।
