हरिद्वार। हरिद्वार जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए लगातार धमकियां मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले में सिडकुल पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लगातार फोन कॉल और व्हाट्सऐप संदेशों के माध्यम से धमकी दी जा रही थी। धमकी मिलने के बाद उन्होंने मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले में एक महिला बंदी के पति हिमांशु चड्डा पर धमकी देने का आरोप सामने आया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने इस संबंध में एसएसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद सिडकुल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। बातचीत में मनोज कुमार आर्य ने बताया कि उन्हें लगातार मैसेज और कॉल के जरिए धमकियां मिल रही थीं, जिसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की। अब पुलिस धमकी भरे कॉल और संदेशों की पड़ताल के साथ ही आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ कई और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
