पत्नी से जेल में मुलाकात को लेकर नाराजगी बनी वजह, 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद
हरिद्वार। जिला कारागार रोशनाबाद के वरिष्ठ अधीक्षक मनोज कुमार आर्य को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देना एक आरोपी को भारी पड़ गया। फोन पर अभद्र मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी देने के बाद आरोपी कथित तौर पर जेल अधीक्षक को डराने के इरादे से 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार पहुंच गया। पुलिस ने उसे जेल की ओर बढ़ने से पहले ही दबोच लिया। उक्त मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि मामला 11 सितंबर का है। जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य के मोबाइल पर धमकी भरे और अभद्र मैसेज भेजे गए थे। शिकायत के आधार पर थाना सिडकुल में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिडकुल पुलिस और सीआईयू टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। 21 सितंबर को सूर्यनगर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने हिमांशु चोढा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके कब्जे से अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुआ। तमंचा बरामद होने के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाई गई है।
पत्नी से मिलने में पूछताछ से था नाराज
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शीला जिला कारागार में बंद है। पत्नी से मुलाकात के दौरान जेल स्टाफ द्वारा उससे अधिक पूछताछ किए जाने को लेकर वह नाराज था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी ने ही उसे जेल अधीक्षक को लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी देने की बात कही और उनका मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया।
इसके बाद आरोपी ने लुधियाना जाकर अपने आधार कार्ड से लिए गए नए मोबाइल नंबर से जेल अधीक्षक को धमकी भरे मैसेज भेजे। बाद में सोशल मीडिया के जरिए उसे अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद वह तमंचा और कारतूस लेकर लुधियाना से हरिद्वार आया था। आरोपी जेल की ओर बढ़ रहा था, लेकिन पुलिस की चेकिंग ने उसका रास्ता रोक दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ देहरादून के रायवाला थाने में भी मुकदमा दर्ज है। वहीं जेल में बंद उसकी पत्नी शीला के विरुद्ध भी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी: हिमांशु चोढा पुत्र श्याम लाल चोढा, निवासी लुधियाना, पंजाब; हाल निवासी आईडीपीएल, देहरादून।
बरामदगी: 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन।
