हरिद्वार, 17 अप्रैल। चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में बनाए गए ऑफलाइन पंजीकरण केंद्र में आज से यात्रियों का पंजीकरण शुरू हो गया। यात्रा की शुरुआत मध्य प्रदेश के शहडोल जनपद से आए तीर्थयात्रियों के दल द्वारा पहले पंजीकरण के साथ हुई, जिससे पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। पहले पंजीकरण कराने वाले सात सदस्यीय दल में बिसाहू लाल विश्वकर्मा, मुन्नी विश्वकर्मा, प्यारेलाल विश्वकर्मा, रामदीन प्रजापति, दशरथ प्रजापति, शांति प्रजापति और पार्वती प्रजापति शामिल रहे। इन यात्रियों का स्वागत जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर द्वारा अतिथि देवो भव की परंपरा के तहत फूल-मालाओं और तिलक-चंदन से किया गया। जिलाधिकारी ने इस अवसर पर सभी तीर्थयात्रियों की यात्रा मंगलमय होने की कामना करते हुए कहा कि प्रशासन द्वारा सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की गई हैं, ताकि यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने की बात कही। तीर्थयात्रियों ने भी पंजीकरण केंद्र पर की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन और प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। बिसाहू लाल विश्वकर्मा और मुन्नी विश्वकर्मा ने कहा कि केंद्र पर सभी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध हैं, जिससे पंजीकरण प्रक्रिया आसान और संतोषजनक रही। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। मौके पर अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान सहित कई अधिकारी एवं बड़ी संख्या में तीर्थयात्री मौजूद रहे।
