हरिद्वार/रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की हेरोइन बरामद की है। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान कोतवाली गंगनहर पुलिस ने पंजाब से रुड़की नशे की खेप लेकर पहुंचे एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
SSP नवनीत सिंह भुल्लर ने उक्त मामले की जानकारी देते हुए बताया कि 6 जुलाई को लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक संदिग्ध कार में बैठे युवक पर पुलिस की नजर पड़ी। पुलिस टीम को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38 वर्ष), निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह यह हेरोइन पंजाब से खरीदकर रुड़की में सप्लाई करने आया था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप किससे खरीदी गई थी और रुड़की में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। साथ ही हेरोइन खरीदने और बेचने वाले पूरे नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी की जा रही है।
