हरिद्वार। चंडी देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मंदिर परिसर और मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया और संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम मयूर दीक्षित ने बीकेटीसी प्रबंधन और मंदिर समिति को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दर्शन व्यवस्था पूरी तरह पंक्तिबद्ध और सुगम हो ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। डीएम ने सुरक्षा में तैनात सभी कर्मियों का सत्यापन कर उन्हें अनिवार्य रूप से आई कार्ड जारी करने और वर्दी में ड्यूटी करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं से बातचीत के दौरान कई भक्तों ने प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन का आभार भी जताया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने मंदिर परिसर के आसपास वन क्षेत्र में फैले कूड़े-कचरे पर नाराजगी जताई और दूरभाष पर प्रभागीय वन अधिकारी को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण की शिकायतों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने मंदिर समिति में तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों का सत्यापन कराने के साथ श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, महंत भवानी गिरी, बीकेटीसी प्रबंधक विशाल सिंह, प्रभारी निरीक्षक नितेश शर्मा तथा ट्रस्टी आकाश तथा कुसुम बचेती सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
