हरिद्वार, 21 अप्रैल। हरिद्वार में आज एक अनोखा और चर्चित धार्मिक आयोजन देखने को मिला, जब पश्चिम उत्तर प्रदेश के निवासी मोहम्मद शहजाद ने अपने पूरे परिवार के साथ स्वेच्छा से सनातन धर्म को अपनाया। चण्डीघाट स्थित ब्रह्मकुण्ड क्षेत्र में यह कार्यक्रम पूरी श्रद्धा, विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सम्पन्न हुआ। सुबह गंगा तट पर पवित्र स्नान के साथ शुद्धि प्रक्रिया की शुरुआत हुई, जहां परिवार को गंगाजल से स्नान कराकर वैदिक रीति से शुद्ध किया गया। इसके बाद गौरी शंकर मंदिर गौशाला परिसर में संत राम विशाल दास महाराज के सान्निध्य और अरुण कृष्ण महाराज के मार्गदर्शन में यज्ञ और शुद्धि संस्कार सम्पन्न हुआ। आचार्य कुलदीप विद्यार्थी और अनुज शास्त्री ने वैदिक विधियों से पूरे अनुष्ठान को संपन्न कराया। कार्यक्रम का सबसे खास पल तब आया जब पूरे परिवार का यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार और नामकरण किया गया। मोहम्मद शहजाद का नाम शंकर, उनकी पत्नी रजिया का सावित्री, बेटियों का रुक्मणी और दीक्षा तथा पुत्र का नाम रुद्र रखा गया। इसके साथ ही हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पुनः विवाह संस्कार भी कराया गया, जिसमें दंपत्ति ने सनातन जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर संत समाज और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की बड़ी उपस्थिति रही। बाबा हठयोगगी, स्वामी प्रबोधानन्द गिरी, अरुण कृष्ण महाराज सहित कई प्रमुख संतों ने परिवार का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। संत राम विशाल दास महाराज ने कहा कि सनातन धर्म मानवता और समावेश का प्रतीक है, और आस्था से जुड़ने वालों के लिए इसके द्वार हमेशा खुले हैं। यह आयोजन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
