हरिद्वार, 21 अप्रैल। तहसील रुड़की परिसर में कराए गए सौंदर्यीकरण एवं पेंटिंग कार्यों का लोकार्पण परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस अवसर पर बालिकाओं के लिए कंप्यूटर शिक्षा की एक महत्वपूर्ण पहल का भी शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि तहसील में आने वाले आमजन को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर सुव्यवस्थित किया गया है तथा वॉल पेंटिंग के माध्यम से परिसर को आकर्षक रूप दिया गया है, जिससे लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
बालिकाओं को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की पहल
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि सरकारी विद्यालयों की छात्राओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से तहसील परिसर में कंप्यूटर कक्ष स्थापित किया गया है।
इस दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रुड़की की प्रथम बैच की 15 चयनित छात्राओं को अध्ययन सामग्री वितरित की गई। इन छात्राओं को विशेष प्रशिक्षण देकर कंप्यूटर शिक्षा में दक्ष बनाया जाएगा।
आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का शुभारंभ, आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव सुनिश्चित करने की व्यवस्था
जिलाधिकारी ने तहसील रुड़की में आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का भी शुभारंभ किया। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को तुरंत अवगत कराया जाए, ताकि राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित किए जा सकें।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
जिलाधिकारी ने तहसील परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही परिसर में बेहतर साफ-सफाई बनाए रखने के भी निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, तहसीलदार एवं अपर तहसीलदार सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
