हरिद्वार, 20 अप्रैल। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष सोनिका के निर्देशन में प्राधिकरण की टीम ने राजा गार्डन रोड, तालाब के निकट स्थित जमालपुर क्षेत्र में अनाधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ा कदम उठाया। जानकारी के अनुसार सूरज सैनी आदि द्वारा लगभग 8-10 बीघा क्षेत्रफल में बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लॉटिंग की जा रही थी, जिस पर प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की मदद से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्य नियमों का उल्लंघन है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थल पर मौजूद निर्माणकर्ता को कड़े निर्देश दिए गए कि बिना मानचित्र स्वीकृत कराए भविष्य में किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न किया जाए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने पर आगे और भी कठोर कदम उठाए जाएंगे। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में प्रशासन के प्रति जागरूकता बढ़ी है। प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य शुरू करने से पहले आवश्यक अनुमतियां अवश्य प्राप्त करें।
