हरिद्वार। चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने ऋषिकुल मैदान में बनाए जा रहे यात्री पंजीकरण केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों, जिला पर्यटन अधिकारी और ठेकेदार को निर्देश दिए कि पंजीकरण केंद्र में शेष बची सभी व्यवस्थाओं को हर हाल में आज शाम तक पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने केंद्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने, यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल, कूलर, पंखों की उपलब्धता, फायर सेफ्टी सिस्टम और साफ-सफाई के बेहतर प्रबंधन के निर्देश दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने और स्टैंड पोस्टों में पानी की निकासी व स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया। साथ ही पंजीकरण में लगे कर्मचारियों को यात्रियों से शालीन व्यवहार रखने और प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए गए। सभी कार्मिकों को आईडी कार्ड जारी करने के भी निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि ऋषिकुल मैदान में यात्रियों का पंजीकरण कार्य कल से शुरू कर दिया जाएगा। यात्रियों के लिए चमगादड़ टापू में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 7 अस्थायी पुलिस चौकियां और 10 पर्यटन पुलिस बूथ स्थापित किए गए हैं। साथ ही एनडीआरएफ की 35 सदस्यीय टीम और एसडीआरएफ की दो टीमें तैनात की गई हैं। जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि पंजीकरण के लिए 20 काउंटर बनाए गए हैं, जबकि आधार सत्यापन में समस्या होने पर थंब और फेस स्क्रीनिंग के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए 15 मोबाइल टीमें भी तैनात की गई हैं, जो धर्मशालाओं और आश्रमों में जाकर पंजीकरण करेंगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी फिंचाराम, एचआरडीए सचिव मनीष सिंह, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान, सीओ ट्रैफिक दीपेंद्र सिंह, एसीएमओ अनिल वर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपक कुमार भी मौजूद थे
