हरिद्वार, 16 अप्रैल। कन्या गुरुकुल हरिद्वार के गुरुकुल वनस्पति एवं सूक्ष्म जीव विज्ञान विभाग के डॉ. वेरिंदर विर्क वाहला के नेतृत्व में एक शैक्षिक दल ने ग्राम जमालपुर का दौरा किया। इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण विकास कार्यों एवं स्थानीय व्यवस्थाओं का अध्ययन करना रहा। दौरे के दौरान टीम ने ग्राम जमालपुर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और सौंदर्यीकरण प्रयासों का बारीकी से निरीक्षण किया। दल के सदस्यों ने स्वच्छता, हरित क्षेत्र के विकास, सड़क व्यवस्था एवं अन्य जनसुविधाओं का अवलोकन करते हुए ग्राम पंचायत द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
इसके पश्चात टीम ने ग्राम प्रधान हरेंद्र सिंह चौधरी से भेंट कर पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं, विकास कार्यों की प्रगति तथा ग्रामीण प्रशासन की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। प्रधान ने टीम को गांव में लागू विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनके प्रभाव के बारे में भी अवगत कराया। इस अवसर पर कन्या गुरुकुल हरिद्वार से रोहित कुमार गोयल, जो शिक्षकेत्तर कर्मचारी हैं, भी दल के साथ उपस्थित रहे। शैक्षिक दल के इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया गया।
