हरिद्वार, 9 सितम्बर। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के बीच निर्माण कार्यों को लेकर कांग्रेस ने पारदर्शिता और गुणवत्ता का मुद्दा उठाया है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी के संयोजन में कांग्रेस नेताओं के प्रतिनिधिमंडल ने कुंभ मेलाधिकारी सोनिका से मुलाकात कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, स्थायित्व और जनसुविधाओं को लेकर कई सुझाव रखे।
मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि कुंभ सनातन संस्कृति की पहचान है और इसमें करोड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले निर्माण कार्य केवल मेले तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ वर्षों तक स्थानीय लोगों को मिलता रहे। उन्होंने स्थायी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि निर्माण कार्यों में न तो लापरवाही चले और न ही गुणवत्ता से समझौता हो। उन्होंने कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरतने के साथ निर्माण शुरू होने से पहले स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी राय लेने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पार्किंग, अस्पताल और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े स्थायी निर्माण पर विशेष जोर दिया। साथ ही यह भी कहा कि ऐसे निर्माण न किए जाएं जिन्हें कुंभ समाप्त होने के बाद तोड़ने की नौबत आ जाए।
इस दौरान पूर्व विधायक अंबरीष कुमार और राज्य आंदोलनकारियों के नाम पर घाट घोषित करने की मांग भी उठाई गई। प्रतिनिधिमंडल में पहाड़ी महासभा अध्यक्ष तरुण व्यास, सोम त्यागी, विवेक त्यागी आदि मौजूद रहे।
