दीपावली से पहले हरकी पैड़ी के मंदिरों और घाटों का सौंदर्यीकरण पूरा करने के निर्देश, लापरवाही पर सख्ती और काम में तेजी लाने के लिए बढ़ाई जाएगी श्रमिकों की संख्या
हरिद्वार, 24 अक्टूबर। कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में प्रशासन की सक्रियता तेज हो गई है। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने से लेकर हरकी पैड़ी और गंगा घाटों को चमकाने तक के काम में कोई कमी न रह जाए, इसके लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित देर रात खुद मैदान में उतर पड़े। रात के अंधेरे में चल रहे निर्माण, पेंटिंग और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण कर उन्होंने अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि काम में न तो गुणवत्ता से समझौता होगा और न ही देरी बर्दाश्त की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में डीएम ने चंडी घाट चौक से शंकराचार्य चौक, प्रेम नगर चौक, सिंह द्वार, गुरुकुल कांगड़ी हाईवे और हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी काम निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
सड़कों की गुणवत्ता पर विशेष जोर
सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए किए जा रहे डामरीकरण कार्यों को लेकर जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को विशेष हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण और मरम्मत में निर्धारित मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। केवल खानापूर्ति के लिए काम न हो, बल्कि सड़कें टिकाऊ और गुणवत्तापूर्ण बनें, ताकि आमजन को आवागमन में परेशानी न उठानी पड़े।
दीपावली से पहले हरकी पैड़ी का बदलेगा स्वरूप!
हरकी पैड़ी क्षेत्र में मंदिरों, घाटों और पुलों के सौंदर्यीकरण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए डीएम ने इन्हें दीपावली से पहले हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। हरिद्वार की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देखते हुए इन कार्यों में तेजी लाने को कहा गया। इसके लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और रात में चल रहे कार्यों की प्रभावी निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में तेजी के साथ गुणवत्ता बनाए रखना भी जरूरी है। इसके लिए संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय से काम करने तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, राष्ट्रीय राजमार्ग के डिप्टी मैनेजर प्रज्वल, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।
