हरिद्वार, 18 जुलाई। आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। शनिवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बैरागी कैंप, दक्षद्वीप और पंतद्वीप पार्किंग का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पंतद्वीप पार्किंग में गंदगी और अवैध अतिक्रमण मिलने पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित कांट्रेक्टर पर कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर ₹50 हजार तथा निर्धारित संख्या से अधिक दुकानें लगाकर अतिक्रमण करने पर अतिरिक्त ₹50 हजार का जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह चौहान को आवश्यक कार्रवाई करने तथा उप राजस्व अधिकारी, सिंचाई विभाग को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए। साथ ही पार्किंग क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण तत्काल हटाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर निगम को बैरागी कैंप के सभी सेक्टरों में पर्याप्त शौचालय, सफाई कर्मियों की तैनाती, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और हाईमास्ट लाइट समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि 25 जुलाई तक कांवड़ मेले की सभी व्यवस्थाएं हर हाल में पूरी होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने भी अधिकारियों को तय समय में सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश देते हुए एसपी ट्रैफिक निशा यादव और एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह को पंतद्वीप पार्किंग से अतिक्रमण हटाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा।
निरीक्षण में सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, उप मेला अधिकारी (कुंभ) मंजीत सिंह, सीपीयू प्रभारी हितेश, ट्रैफिक इंचार्ज संदीप, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग योगेश मेहरा, जल निगम के राजेश गुप्ता, जल संस्थान के विपिन चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
