हरिद्वार, 29 जून। कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य, सुरक्षित और ऐतिहासिक बनाने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने संत समाज के साथ समन्वय और संवाद को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इसी क्रम में सोमवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में विभिन्न अखाड़ों के संतों और प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुंभ की तैयारियों, निर्माण कार्यों और संत समाज की अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि कुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा का विश्व का सबसे बड़ा उत्सव है। इसकी सफलता संत समाज के मार्गदर्शन और सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ-2027 को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अखाड़ों की परंपराओं, आवश्यकताओं और सुझावों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूरी की जाएंगी।
बैठक में महा निर्वाणी अखाड़े के महंत रविन्द्र पुरी, बड़ा उदासीन अखाड़े के महंत राघवेन्द्र दास एवं महंत प्रेमदास, नया उदासीन अखाड़े के महंत भगत राम एवं महंत जगतार मुनि, निर्मल अखाड़े के संत देवेन्द्र सिंह एवं संत जसविन्दर सिंह, निर्मोही अखाड़े के महंत राजेन्द्र दास एवं महंत राम दास, निवाणी अणि अखाड़े के महंत मुरली दास एवं स्वामी संजय दास, अटल अखाड़े के महंत सत्यम गिरी एवं महंत मंसा पुरी, पंच दिगंबर अखाड़े के महंत वैष्णव दास एवं महंत माधव दास, तथा अग्नि अखाड़े के स्वामी महादेवानंद, स्वामी हरिहरानंद और स्वामी गोविन्दानंद सहित अनेक संतों ने अपने सुझाव दिए। संतों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, अखाड़ों की व्यवस्थाओं, पारंपरिक व्यवस्थाओं के संरक्षण और सुगम आवागमन पर विशेष जोर दिया।
मेला अधिकारी सोनिका ने बताया कि स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्य तय कार्ययोजना के अनुसार तेजी से चल रहे हैं। उन्होंने अखाड़ों से महामंडलेश्वरों एवं अन्य संतों की जानकारी समय से उपलब्ध कराने और लिखित सुझाव देने का आग्रह किया, ताकि शिविर आवंटन सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जा सकें।
बैठक में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, आईजी कुंभ योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, एसपी (यातायात) निशा यादव, अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेला अधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह तथा भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संत समाज ने सरकार की तैयारियों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि सरकार और अखाड़ों के संयुक्त प्रयासों से कुंभ-2027 देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए एक ऐतिहासिक और अविस्मरणीय आयोजन बनेगा।
