हरिद्वार। जगजीतपुर वार्ड नंबर 57 में शनिवार को स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची बिजली विभाग की टीम को उस समय भारी विरोध का सामना करना पड़ा, जब स्थानीय लोगों ने पुराने मीटर बदलने से साफ इंकार कर दिया। आरोप है कि विरोध के बीच विभागीय कर्मचारियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने शुरू कर दिए, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव वरुण बालियान के नेतृत्व में सैकड़ों स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम का घेराव कर दिया। लोगों के तीखे विरोध और बढ़ते दबाव के चलते विभागीय टीम को बिना मीटर लगाए ही वापस लौटना पड़ा। वरुण बालियान ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार एक निजी कंपनी को फायदा पहुंचाने के लिए जनता पर जबरन स्मार्ट मीटर थोप रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के जरिए आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने हरिद्वार की जनता से एकजुट होकर सरकार और बिजली विभाग की नीतियों का विरोध करने का आह्वान किया। प्रदर्शन में प्रदीप कुमार, कमल राजपूत, अनील सैनी, आकाश वालिया, देवेश बर्मन, महेश बर्मन, विनोद नौटियाल, सुनील चौधरी, गीता, शांति देवी और रेखा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। स्मार्ट मीटर को लेकर क्षेत्र में विरोध लगातार तेज होता दिखाई दे रहा है।
