हरिद्वार। पत्रकार संगठन की राजनीति में उस समय नया मोड़ आ गया जब वरिष्ठ पत्रकार नरेश गुप्ता ने एनयूजेआई (NUJ) I के प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पांडे द्वारा किए गए अपने कथित निष्कासन को पूरी तरह से खारिज कर दिया। वरिष्ठ पत्रकार नरेश गुप्ता का कहना है कि उन्हें कुछ समाचार पोर्टलों के माध्यम से जानकारी मिली कि संगठन विरोधी गतिविधियों के आरोप में उन्हें आजीवन यूनियन से निष्कासित कर दिया गया है। हालांकि उन्होंने दावा किया कि वह इससे पहले ही दोपहर 1:35 मिनट बजे व्हाट्सएप के माध्यम से अपना इस्तीफा प्रदेश अध्यक्ष सुनील पांडे को भेज चुके थे और कई पत्रकार समूहों में भी उसे साझा कर चुके थे। उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जब वह स्वयं यूनियन से इस्तीफा दे चुके हैं तो उन्हें निष्कासित करने का अधिकार किसी के पास नहीं है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि पोर्टलों में प्रकाशित कराई गई खबर उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है। नरेश गुप्ता ने फेसबुक पर भी उक्त निष्कासन पर अपना खंडन डाल दिया है। वरिष्ठ पत्रकार नरेश गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष सुनील दत्त पांडे को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि अब यह मामला यहीं नहीं रुकेगा। उन्होंने कहा कि केवल प्रदेश अध्यक्ष ही नहीं संगठन से जुड़े कुछ लोगों की प्रत्येक गतिविधियों को अधिकारियों के साथ साथ पूरे शहर ही नहीं बल्कि उत्तराखंड की जनता को अवगत कराया जाएगा।

