हरिद्वार, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर हरित हरिद्वार मुहिम को गति देते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सिडकुल स्थित लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने की अपील की। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। विकास कार्यों के लिए जिन पेड़ों का कटान किया जाता है, उनकी भरपाई के लिए उससे अधिक संख्या में पौधे रोपित किए जाने चाहिए। उन्होंने विभिन्न कंपनियों एवं संस्थाओं से भी हरिद्वार क्षेत्र की खाली भूमि पर पौधारोपण कर जनपद को हराभरा बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में रीजनल मैनेजर सिडकुल कमल किशोर फर्त्याल ने बताया कि सिडकुल द्वारा गिवमीट्रीज़ ट्रस्ट एवं इंडो एशियन कंपनी को पार्क विकसित करने के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई, जहां सीएसआर के माध्यम से लीग्रैंड बायोडायवर्सिटी पार्क तैयार किया गया है। पार्क में वन विभाग के सहयोग से अब तक 9 हजार से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि विश्व पर्यावरण दिवस पर 300 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। गिवमीट्रीज़ ट्रस्ट के प्रोजेक्ट हेड जगदीप ठाकुर ने बताया कि ट्रस्ट पिछले 51 वर्षों से वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है तथा आगामी तीन वर्षों तक पार्क के रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभाएगा। कार्यक्रम में सहायक आयुक्त श्रम प्रशांत कुमार, परियोजना निदेशक नलिनीत घिल्डियाल, एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला, इंडो एशियन कंपनी के जीएम सरनजीत सिंह, एलजा इंटरनेशनल के एमडी अश्वनी कपूर, यूके मेटल के चेयरमैन राजेन कटोरे, प्लांट हेड ए.के. वर्मा, एकम्स के जीएम (एचआर) के.डी. शर्मा, इंडो एशियन के एचआर प्रवेश पवार तथा एच.पी. नौटियाल सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प भी लिया गया।
