हरिद्वार। हरिद्वार-दिल्ली हाईवे पर मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब देहरादून से दिल्ली-जयपुर जा रही महालक्ष्मी फिलिप्स की वोल्वो बस अचानक आग की लपटों में घिर गई। घटना शांतारशाह क्षेत्र में सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है।
बस में कुल 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चलते-चलते बस के इंजन से धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक और परिचालक ने तुरंत बस रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी सूझबूझ से 32 लोगों की जान बच गई, लेकिन यात्रियों का सामान बस में ही रह गया और पूरी बस धू-धू कर जलती रही। सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। आग की भयावहता को देखते हुए रुड़की से अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाए गए। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण इंजन में तकनीकी खराबी माना जा रहा है। पुलिस ने सभी यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर वाहन फिटनेस और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
