हरिद्वार, 2 जून। जनपद में अवैध रूप से संचालित चिकित्सालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग द्वारा सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुंवर ने विभागीय टीम के साथ विभिन्न अस्पतालों, नर्सिंग होम एवं क्लीनिकों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान श्रीराम क्लिनिक (अंबेडकर पार्क, टिबरी), सेठी नर्सिंग होम (कनखल), आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक (कनखल), क्लासिक हॉस्पिटल (धनपुरा), वेलफेयर हॉस्पिटल (धनपुरा), गैलेक्सी हॉस्पिटल (धनपुरा), एडवांस्ड हेयर ग्रो (रानीपुर) तथा सोनकली हेल्थ केयर सेंटर (जगजीतपुर) की जांच की गई। जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर श्रीराम क्लिनिक, आस्था मेडिकल एंड क्लिनिक तथा गैलेक्सी हॉस्पिटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं वेलफेयर हॉस्पिटल, क्लासिक हॉस्पिटल एवं सेठी नर्सिंग होम में भी कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं। इन संस्थानों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। डॉ. रमेश कुंवर ने बताया कि संबंधित चिकित्सालयों में पाई गई कमियों एवं नियमों के उल्लंघन के आधार पर 50 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक का आर्थिक दंड निर्धारित किया जा सकता है। साथ ही आवश्यकतानुसार अन्य कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद के बहादराबाद, भगवानपुर, रुड़की, लक्सर एवं मंगलौर ब्लॉकों में भी संबंधित चिकित्सा अधिकारियों के माध्यम से विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत बिना मानकों के संचालित चिकित्सालयों तथा स्वास्थ्य संस्थानों की जांच की जा रही है। जहां भी अनियमितताएं पाई जाएंगी, वहां नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित चिकित्सा संस्थानों में हड़कंप मच गया है।
