हरिद्वार। जनपद में सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों की अब खैर नहीं है। जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा है कि किसी भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी कब्जे मिले, वहां 15 दिन का नोटिस देकर तुरंत कार्रवाई की जाए। जिला कार्यालय सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही सभी विभागों को अगले 3 महीने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए डीएम ने जल संस्थान और पेयजल निगम को निर्देश दिए कि जिन इलाकों में पानी की समस्या है वहां तुरंत टैंकर भेजे जाएं। लीकेज पाइपलाइन की मरम्मत भी जल्द करने को कहा गया। बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए डीएम ने कहा कि अनावश्यक कटौती बिल्कुल न हो और बिजली चोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। जर्जर पोल और झूलती बिजली लाइनों का सेफ्टी ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए। राशन कार्ड सत्यापन को लेकर भी डीएम सख्त नजर आए। उन्होंने मृत लोगों के नाम हटाने और बाहरी व्यक्तियों के राशन कार्ड न बनाए जाने के निर्देश दिए। वहीं मानसून से पहले डेंगू और अन्य बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पूरी तैयारी रखने को कहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
