हरिद्वार, 24 मई।
गंगा दशहरा पर्व पर 25 मई को होने वाले पवित्र स्नान को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र को विभिन्न जोन और सेक्टरों में विभाजित करते हुए बड़ी संख्या में जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की है।
प्रशासन के अनुसार गंगा दशहरा के अवसर पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए हर की पैड़ी, मालवीय दीप, सुभाष घाट, मनसा देवी, अपर रोड, ऋषिकुल मैदान, खड़खड़ी-सप्तऋषि, रोडी बेलवाला, कनखल, सिंहद्वार और चंडी देवी सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की गई है।
हर की पैड़ी जोन की जिम्मेदारी मनीष कुमार सिंह को सौंपी गई है, जबकि मालवीय दीप क्षेत्र में मनजीत सिंह, सुभाष घाट में दयानंद सरस्वती, मनसा देवी क्षेत्र में जितेन्द्र कुमार और खड़खड़ी-सप्तऋषि क्षेत्र में डिप्टी कलेक्टर आकाश जोशी को जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके अलावा रोडी बेलवाला, चंडी देवी, कनखल और सिंहद्वार क्षेत्रों में भी अलग-अलग अधिकारियों को तैनात किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे संवेदनशीलता और आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रोशनाबाद स्थित आपदा प्रबंधन कार्यालय में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसकी प्रभारी मीरा रावत को बनाया गया है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था मजबूत रखने और मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और गंगा दशहरा स्नान को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहयोग की अपील की है।
