हरिद्वार, 25 मई। ज्वालापुर क्षेत्र की रावली महदूद स्थित रामधाम कॉलोनी में अवैध प्लाटिंग और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों पर प्राधिकरण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में कई निर्माण ध्वस्त किए गए, जबकि कुछ हिस्सों को सील कर निर्माणकर्ताओं को कड़ी चेतावनी दी गई। प्राधिकरण की टीम ने सबसे पहले अर्जुन सिंह द्वारा लगभग 9 से 10 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की। मौके पर भारी मशीनों की मदद से अवैध निर्माण हटाए गए। इसके अलावा रामधाम कॉलोनी में ही करीब 4 से 5 बीघा क्षेत्र में चल रही दूसरी अवैध प्लाटिंग और लगभग 15 गुणा 15 फीट के निर्माण को भी निशाने पर लिया गया। कार्रवाई का सबसे बड़ा असर गुरु कृपा स्वीट्स के सामने देखने को मिला, जहां सुखवीर सिंह द्वारा लगभग 2 बीघा भूमि पर प्लाटिंग और 15 गुणा 20 फीट क्षेत्रफल में निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण ने इस निर्माण को भी अवैध मानते हुए ध्वस्त और सील कर दिया।
प्राधिकरण सचिव मनीष सिंह ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ताओं को पहले भी कई बार नोटिस और निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन लगातार चेतावनी के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। इसके बाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत वाद दर्ज कर कठोर कार्रवाई अमल में लाई गई। अधिकारियों ने साफ कहा कि बिना नक्शा स्वीकृत कराए या प्राधिकरण की अनुमति लिए किसी भी प्रकार का निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
