हरिद्वार। नशे के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग्स तस्कर को लगभग 2 किलो अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सक्रियता के आगे तस्कर की भागने की चाल भी फेल हो गई। कोतवाली नगर पुलिस टीम देर रात सर्वानंद घाट पार्किंग क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान झुग्गी बस्ती के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और अपने बैग को उठाकर भागने लगा। युवक की हरकत पर शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और कुछ ही दूरी पर घेराबंदी कर दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1.966 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रमोद साहनी निवासी देहरादून बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कुन्दन सिंह राणा के नेतृत्व में की गई। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
