हरिद्वार। चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उत्तराखंड के प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर वर्षों से लंबित पदोन्नति और पौष्टिक आहार भत्ते की मांग उठाई। कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें पिछले तीन-चार वर्षों से लंबित हैं और अब स्वास्थ्य मंत्री के सकारात्मक रुख से उन्हें उम्मीद जगी है।
प्रतिनिधिमंडल ने लेब सहायक, डार्क रूम सहायक और ओटी सहायक के पदों पर पदोन्नति की मांग रखी। संघ पदाधिकारियों के अनुसार कर्मचारी लंबे समय से इन पदों का कार्य कर रहे हैं और पदोन्नति से सरकार पर कोई अतिरिक्त वित्तीय भार भी नहीं पड़ेगा।
इसके साथ ही वार्ड ब्वाय, वार्ड आया, चौकीदार और सफाई कर्मचारियों को पौष्टिक आहार भत्ता देने की मांग भी उठाई गई। संघ का कहना है कि ये कर्मचारी मरीजों के सीधे संपर्क में रहते हैं, जबकि वर्तमान में यह भत्ता नर्सिंग संवर्ग को मिलता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने सचिव स्वास्थ्य को मांगों का परीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और विस्तृत चर्चा के निर्देश दिए। संघ अध्यक्ष दिनेश लखेड़ा और महामंत्री सुनील अधिकारी ने कहा कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन दोबारा आंदोलन शुरू करेगा। प्रतिनिधिमंडल में राकेश भंवर, गिरीश पंत, शैलेश द्विवेदी और नेल्सन अरोड़ा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
