हरिद्वार, 13 जून। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में तथा जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनपद हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 अभियान तेज गति से चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बीएलओ घर-घर पहुंचकर मतदाता गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को बीएलओ कविता पाल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के आवास पहुंचीं, जहां एसएसपी ने स्वयं गणना प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने जनपदवासियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी पात्र नागरिक गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ का सहयोग करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के दौरान बीएलओ कविता पाल, सहायक नोडल अधिकारी (मीडिया) गोविन्द कुर्ल तथा स्वीप प्रकोष्ठ के प्रभारी डॉ. संतोष कुमार चमोला भी उपस्थित रहे।
