हरिद्वार, 22 अप्रैल। कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर राज्य सरकार ने रफ्तार तेज कर दी है। इसी क्रम में शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को हरिद्वार पहुंचकर विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार कुंभ मेला 2027 को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।बैठक में सड़कों के सुधार, पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, घाटों के अनुरक्षण एवं विस्तार, स्ट्रीट लाइट और शौचालयों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा 300 करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं स्वीकृत की जा चुकी हैं, जबकि केंद्र सरकार से भी 500 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है। कुंभ के लिए 55 कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें अधिकांश पर काम तेजी से चल रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 32 सेक्टरों में अस्थायी पुलिस थाने और बाहरी क्षेत्रों में चार स्थायी थाने स्थापित किए जाएंगे। वहीं, स्वच्छता के लिए 13 हजार टॉयलेट और 8 हजार मूत्रालय लगाए जाएंगे तथा डिजिटल निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। भ्रमण के दौरान मंत्री ने विभिन्न संतों और अखाड़ों के प्रमुखों से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग का आग्रह किया।
