हरिद्वार, 23 अप्रैल। कोतवाली ज्वालापुर क्षेत्र के सीतापुर निवासी रवि चौहान की हत्या का मामला अब पूरी तरह साफ हो गया है। जो शुरुआत में गुमशुदगी लग रही थी, वह दरअसल जमीन के विवाद में रची गई एक सोची-समझी साजिश निकली। इस खौफनाक कांड में दामाद ने ही डेढ़ लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या करवाई। उक्त हत्याकांड का खुलासा करते हुए SSP नवनीत सिंह ने पत्रकारों को बताया कि 17 अप्रैल को रवि चौहान की पत्नी ने गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन दो दिन बाद रानीपुर झाल से शव मिलने पर मामला हत्या में बदल गया। सुपारी किलर नदीम और दानिश ने पहले रवि को शराब पिलाई, फिर बेरहमी से मारपीट कर गला घोंट दिया और शव को नहर किनारे फेंक दिया। भाई द्वारा मिली जमीन को लेकर दामाद नाराज था। विवाद इतना बढ़ा कि उसने अपने रिश्तेदार के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल बाइक और ₹61 हजार की रकम भी बरामद हुई। हत्या की सुपारी देने वाले चाचा-भतीजे अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
