650वीं जयंती वर्ष पर समरसता संकल्प यात्रा में बोले मुख्यमंत्री धामी – जाति और वर्ग से ऊपर उठकर सभी को मिले समान अधिकार और सम्मान
हरिद्वार, 24 नवंबर। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में धनौरी स्थित डॉ. पृथ्वी सिंह विकसित डिग्री कॉलेज में आयोजित ‘समरसता संकल्प यात्रा’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सामाजिक समानता और भाईचारे का संदेश दिया। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी के विचार आज भी समाज को जोड़ने और भेदभाव मिटाने की सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। उनकी शिक्षाओं को आत्मसात कर प्रदेश सरकार सामाजिक समरसता और समानता के संकल्प को धरातल पर उतार रही है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को सामाजिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना, जहां यूसीसी लागू की गई। अब प्रदेश में रहने वाले सभी नागरिकों के लिए समान कानून की व्यवस्था है। कानून की नजर में जाति, पंथ और वर्ग के आधार पर कोई भेदभाव नहीं है।
धामी ने कहा कि सामाजिक समरसता सिर्फ मंचों से दिए जाने वाले भाषणों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसका असर हमारे व्यवहार और कार्यशैली में भी दिखाई देना चाहिए। इसी सोच के साथ सरकार अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों के विकास और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि पिछले छह वित्तीय वर्षों में अनुसूचित जाति उपयोजना एवं ट्राइबल सब प्लान के तहत करीब 239 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इनसे सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन वित्तीय वर्षों में एक लाख से अधिक विद्यार्थियों को लगभग 114 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के तहत 209 दंपत्तियों को एक करोड़ रुपये से अधिक की सहायता दी गई है। वहीं, पात्र अनुसूचित जाति परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए प्रति बेटी 50 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना, बाबू जगजीवन राम छात्रावास योजना और नमस्ते योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य वंचित वर्गों को शिक्षा, सम्मान, सुरक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास महाराज ने समानता, मानवता और भाईचारे का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी प्रासंगिक है। समरसता संकल्प यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और भेदभाव से मुक्त वातावरण बनाने का संकल्प है। उन्होंने लोगों से संत रविदास के विचारों को अपने जीवन और व्यवहार में अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में संत-महात्माओं और राजनीतिक दिग्गजों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया। महानिर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि, बाबा हठयोगी, स्वामी प्रबोधनंद गिरि, महंत अरुणदास, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री खजान दास और प्रदीप बत्रा सहित अनेक संत, जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी भागीदारी की।
