हरकी पैड़ी से लेकर गंगा के प्रमुख घाटों तक भीड़ की निगरानी, आयुक्त आनंद स्वरूप और डीएम मयूर दीक्षित ने कंट्रोल रूम पहुंचकर परखी व्यवस्थाएं
हरिद्वार, 24 नवंबर। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम स्नान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया है। हरकी पैड़ी सहित प्रमुख स्नान घाटों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि कहीं भी भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इसी क्रम में आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) स्थित कंट्रोल रूम पहुंचे। यहां उन्होंने सीसीटीवी स्क्रीन पर हरकी पैड़ी और विभिन्न गंगा घाटों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों से भीड़ की आवाजाही, यातायात, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली।
आयुक्त आनंद स्वरूप ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि स्नान पर्व के दौरान भीड़ प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें और घाटों पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम स्नान की सुविधा उपलब्ध कराएं।
वहीं, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी घाट या मार्ग पर भीड़ का दबाव बढ़ने पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखते हुए हर महत्वपूर्ण गतिविधि की जानकारी कंट्रोल रूम को दी जाए।
प्रशासन का पूरा फोकस इस बात पर है कि आस्था के इस बड़े पर्व पर श्रद्धालुओं को न तो स्नान में परेशानी हो और न ही आवागमन में किसी तरह की दिक्कत का सामना करना पड़े। सुरक्षा, सतर्कता और बेहतर समन्वय के साथ कार्तिक पूर्णिमा स्नान को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने में प्रशासन जुटा है।
