अखाड़े ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आरोपों को बताया मिथ्या और निराधार, कहा – त्यागपत्र देना ही था तो पदाधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर देते
हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण और करौली शंकर महाराज के बीच चल रहा विवाद अब एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। करौली शंकर महाराज द्वारा मीडिया में महामंडलेश्वर पद से स्वेच्छा से त्यागपत्र देने की बात कहे जाने के बाद अखाड़े ने पलटवार किया है। अखाड़े की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उनके मीडिया में दिए गए बयान पर सवाल उठाते हुए लगाए गए आरोपों को मिथ्या, निराधार और दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया है।

अखाड़े के कोठारी नितिन दास की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि हाल ही में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन की ओर से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में करौली शंकर महाराज को श्री चंद्र मंदिर में श्री चंद्र भगवान के समक्ष प्रतिष्ठित किया गया था। साथ ही उपस्थित जनसमुदाय से उनकी पूजा-अर्चना भी कराई गई थी और मंदिर परिसर में दानपात्र भी रखा गया था। विज्ञप्ति में आरोप लगाया गया है कि उक्त आयोजन में उदासीन संप्रदाय और पंच परंपरा का कोई पालन नहीं किया गया। अखाड़े का कहना है कि जब करौली शंकर महाराज को उदासीन संप्रदाय की परंपराओं और उससे संबंधित तथ्यों से अवगत कराया गया, तो इसके बाद उनके द्वारा त्यागपत्र देने की बात मीडिया में सार्वजनिक की जाने लगी। अखाड़े ने स्पष्ट किया है कि उसकी अपनी स्थापित परंपराएं और मर्यादाएं हैं, जिनका पालन होता आया है और आगे भी होता रहेगा। किसी के कहने मात्र से अखाड़े में कोई नई परंपरा शुरू नहीं की जा सकती। अखाड़ा अपने मूल उद्देश्यों की पूर्ति के लिए सदैव तत्पर रहा है और आगे भी रहेगा। प्रेस विज्ञप्ति में करौली शंकर महाराज के त्यागपत्र देने के तरीके पर भी सवाल उठाए गए हैं। अखाड़े का कहना है कि यदि उन्हें वास्तव में त्यागपत्र देना था तो उन्हें श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन के पदाधिकारियों के समक्ष स्वयं उपस्थित होकर अपना त्यागपत्र सौंपना चाहिए था।
