श्री गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी और पंज प्यारों की अगुवाई में निकली विशाल प्रभात फेरी, सैकड़ों की संख्या में उमड़ी संगत
हरिद्वार। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की खुशियां धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा और उल्लास के साथ दिखाई देने लगी हैं। सोमवार को प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न गुरुद्वारों की ओर से भव्य प्रभात फेरियां निकाली गईं। गुरुवाणी के मधुर कीर्तन और सतनाम वाहेगुरु के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। प्रभात फेरियों में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु चरणों में अपनी आस्था प्रकट की। इस अवसर पर निर्मल संतपुरा गुरुद्वारे की ओर से विशाल प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की भव्य पालकी और पंज प्यारों की अगुवाई में निकली प्रभात फेरी का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पालकी के दर्शन कर श्री गुरु ग्रंथ साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया। प्रभात फेरी प्रेमनगर पुल स्थित गुरुद्वारा ज्ञान गोदड़ी धरना स्थल से प्रारंभ होकर प्रेमनगर चौक, कृष्णा नगर, दादूबाग और कनखल चौक बाजार से होते हुए गुरु अमरदास गुरुद्वारे पहुंची। यहां विधिवत अरदास के साथ प्रभात फेरी का समापन हुआ। इस दौरान संत जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने अपने विचारों और उपदेशों से पूरी दुनिया को अज्ञानता के अंधकार से बाहर निकलने का मार्ग दिखाया। उनके बताए रास्ते पर चलकर मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है। गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव का संदेश दिया। उन्होंने लंगर सेवा के माध्यम से समानता की ऐसी मिसाल कायम की, जहां धर्म और जाति के भेदभाव से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन प्रसाद ग्रहण करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, सेवा और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। प्रभात फेरी में संत तरलोचन सिंह, सुखदीप सिंह, ज्ञानी पंकज सिंह, सहदेव सिंह, इंद्रजीत सिंह बिट्टू, अमरजीत कौर, सरबजीत कौर, अपनिंदर कौर, सुमन शर्मा, नैनी महेन्द्रू, बीना चिटकरिया, प्रीतम सिंह, इंद्रजीत सिंह, महिपाल सिंह, परमिंदर सिंह, कुलदीप सिंह, मनिंदर सिंह, हरजीत सिंह, रोहताश सिंह और गुरविंदर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में संगत मौजूद रही।
