हरिद्वार, 18 अप्रैल। चारधाम यात्रा के शुभारंभ से एक दिन पूर्व प्रशासनिक अधिकारियों ने हर की पैड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर यात्रा के निर्विघ्न, सुरक्षित एवं सफल संचालन की कामना की। इस अवसर पर आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर मौजूद रहे।
आयुक्त विनय शंकर पांडे ने कहा कि हरिद्वार चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आगे की यात्रा पर प्रस्थान करते हैं। ऐसे में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी और एसएसपी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं तथा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। ऋषिकुल मैदान में पंजीकरण केंद्र स्थापित कर यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान ओवर रेटिंग पर नियंत्रण, मौसम की समय-समय पर जानकारी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। पिछले वर्ष 51 लाख श्रद्धालुओं के मुकाबले इस वर्ष अब तक 18 लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं, जिससे भारी भीड़ की संभावना है। इस मौके पर गंगा सभा के अध्यक्ष नितिन गौतम, महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान, उप जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी मौजूद रहे।
