सती द्वीप से दक्ष द्वीप तक बनेंगे नए संपर्क मार्ग, दो बड़े पुलों के निर्माण में तेजी लाने को कहा, घाटों की सफाई, सुरक्षा और श्मशान घाट की सुविधाओं पर भी रहेगा फोकस
हरिद्वार, 30 अक्टूबर। कुंभ-2027 के शाही आयोजन में श्रद्धालुओं की राह आसान बनाने के लिए मेला प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार तेज कर दी है। बैरागी कैंप से लेकर कनखल तक अब पुल, सड़क, घाट और शिविर स्थलों को संवारने की कवायद शुरू हो गई है। शुक्रवार को मेलाधिकारी सोनिका ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की हकीकत परखी और अधिकारियों को दो टूक निर्देश दिए कि काम में देरी और गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप, नया टापू, सती द्वीप और दक्ष द्वीप का निरीक्षण कर कुंभ शिविरों के लिए विकसित की जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भूमि की सफाई, समतलीकरण, अस्थायी संपर्क मार्ग, बिजली, पेयजल और सेक्टर प्लान के तहत तैयार की जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। सेक्टर-12 स्थित नया टापू तक पहुंचने वाले मार्ग को बेहतर बनाने और आवागमन को सुरक्षित करने के निर्देश भी दिए।
दो पुलों से आसान होगा श्रद्धालुओं का आवागमन
कुंभ की तैयारियों में पुलों का निर्माण अहम कड़ी साबित होने वाला है। सतीघाट से बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए 48 मीटर लंबे पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। वहीं दक्ष द्वीप और बैरागी कैंप के बीच 60 मीटर स्पान का स्टील गर्डर डबल लेन पुल बनाया जा रहा है। मेलाधिकारी ने दोनों निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर इन्हें तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मायापुर स्कैप चैनल पर दरिद्रभंजन महादेव मंदिर के समीप प्रस्तावित बैली ब्रिज का निर्माण तत्काल शुरू कराने को कहा। कनखल को जोड़ने वाली सड़क के संकरे हिस्से को चौड़ा करने के लिए संबंधित भूस्वामियों से बातचीत कर भूमि उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
घाटों पर स्नान से पहले सुरक्षा का इंतजाम
कुंभ में लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहने वाले घाटों की स्थिति सुधारने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैरागी कैंप में स्कैप चैनल पर बन रहे 260 मीटर लंबे घाट का निरीक्षण करने के बाद मेलाधिकारी ने कनखल के सार्वजनिक घाटों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की मरम्मत, रेलिंग और चेन लगाने तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्कैप चैनल की बंदी के दौरान घाटों की सफाई और मरम्मत का काम पूरा करने को कहा गया, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में स्नान की सुविधा मिल सके।
मंदिरों से लेकर श्मशान घाट तक सुधरेंगी सुविधाएं
मेलाधिकारी ने दक्ष मंदिर, शीतला माता मंदिर और दरिद्रभंजन मंदिर क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। कनखल श्मशान घाट पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और अन्य जनसुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत कर सुझाव और फीडबैक लिया। अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कुंभ की तैयारियां केवल निर्माण तक सीमित न रहें, बल्कि हर कार्य श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की वास्तविक जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाए। निरीक्षण में उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अनुभव नौटियाल, पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता राजेश गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
