धीरवाली, चिन्मय कॉलेज और सैनिक फार्म में पार्किंग व्यवस्थाओं का SSP आयुष अग्रवाल ने लिया जायजा, समय पर काम पूरा करने के निर्देश
हरिद्वार, 27 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा कराने के लिए हरिद्वार पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुंभ के दौरान दिल्ली-हरिद्वार एक्सप्रेस-वे के साथ सहारनपुर, हरियाणा और पंजाब की ओर से आने वाले वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। इसके लिए तीन प्रमुख पार्किंग स्थलों पर करीब 42 हजार वाहनों को खड़ा करने की क्षमता विकसित की जा रही है। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला आयुष अग्रवाल ने धीरवाली पार्किंग, चिन्मय कॉलेज पार्किंग और सैनिक फार्म बहादराबाद का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पार्किंग स्थलों पर चल रहे समतलीकरण कार्य, प्रवेश और निकास मार्गों के निर्धारण तथा लेआउट प्लान की तैयारियों का जायजा लिया।
कहीं 14 हजार तो कहीं 20 हजार वाहनों की होगी पार्किंग
कुंभ मेले के प्रस्तावित यातायात प्लान के तहत धीरवाली पार्किंग में लगभग 14 हजार, चिन्मय कॉलेज पार्किंग में करीब 8 हजार और सैनिक फार्म बहादराबाद में लगभग 20 हजार वाहनों को खड़ा करने की व्यवस्था प्रस्तावित है। इन पार्किंग स्थलों को विकसित करने के लिए विभिन्न निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्य किए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान एसएसपी आयुष अग्रवाल ने लोक निर्माण विभाग, यातायात पुलिस के अधिकारियों और पार्किंग ठेकेदारों के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने पार्किंग के सेक्टर प्लान, वाहनों की आवाजाही और प्रवेश-निकास मार्गों को इस तरह व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, जिससे कुंभ के दौरान यातायात संचालन सुचारु बना रहे।
पार्किंग व्यवस्था पर टिकी यातायात प्लान की सफलता
कुंभ मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन के दौरान यातायात को नियंत्रित रखना पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगा। ऐसे में पार्किंग स्थलों का समय से विकास और वाहनों की व्यवस्थित आवाजाही जाम से राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगी। एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
