कूड़ा फेंकने वालों पर नहीं, जनभागीदारी पर भी प्रशासन का जोर; गंदगी दिखे तो 8273371714 पर करें शिकायत
हरिद्वार, 27 अक्टूबर। कुंभ मेला-2027 से पहले धर्मनगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने स्वच्छता अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों से अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि हरिद्वार को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के लिए प्रशासन के साथ जनता का सहयोग भी जरूरी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के तहत गंगा घाटों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई की जा रही है। इसमें सामाजिक संगठनों, साधु-संतों, व्यापारियों, होटल एसोसिएशनों, शिक्षण संस्थानों और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने लोगों से खुले में कूड़ा नहीं फेंकने, गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने की अपील की।
गंदगी दिखे तो यहां करें शिकायत
सड़क, घाट या किसी सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा दिखाई देने पर नागरिक कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 8273371714 पर सूचना दे सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य कुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है। डीएम ने विश्वास जताया कि जनसहयोग से हरिद्वार की धार्मिक गरिमा बनाए रखते हुए स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन बनाया जा सकता है।
