ब्राह्मणवाला में गूंजा संत रविदास का संदेश, भव्य शोभायात्रा में उमड़े श्रद्धालु, यूपी के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार भी पहुंचे
हरिद्वार। खानपुर विधानसभा क्षेत्र के ब्राह्मणवाला गांव में संत शिरोमणि गुरु रविदास धाम के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई। खानपुर विधायक उमेश कुमार ने धाम का शिलान्यास किया। इस अवसर पर धाम परिसर में ध्वज स्थापना भी की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों ने भाग लेकर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
धाम के शिलान्यास से पहले लक्सर के शिव चौक से प्रस्तावित धाम स्थल तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर उत्साह और श्रद्धा का माहौल दिखाई दिया।
इस आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण पहलू ग्रामीण शेर सिंह का योगदान रहा, जिन्होंने गुरु रविदास धाम के निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपये से अधिक कीमत की जमीन दान की। उनके इस निर्णय की क्षेत्रवासियों ने सराहना की। लोगों ने इसे सामाजिक सहयोग, सेवा और धार्मिक आस्था का प्रेरक उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार भी शामिल हुए। उन्होंने धाम निर्माण की पहल की सराहना करते हुए विधायक उमेश कुमार और भूमि दान करने वाले शेर सिंह को शुभकामनाएं दीं।
संत गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया था। प्रस्तावित धाम के निर्माण से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों के साथ सामाजिक एकता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
