हरिद्वार में कैबिनेट बैठक को बताया गौरव का विषय, आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का किया दावा
हरिद्वार। राज्य मंत्री सुनील सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशन में उत्तराखंड में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचे।
उन्होंने हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक आयोजित होने को सराहनीय पहल बताते हुए इसे धर्मनगरी के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रही है।
सुनील सैनी ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को सरकार की योजनाओं से जोड़ने और उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सेवा और सुशासन की भावना को मजबूती मिली है।
उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के मार्गदर्शन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किए जाने की बात भी कही। सैनी ने आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की जनता के आशीर्वाद से भाजपा की प्रचंड जीत का दावा किया।
राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार प्रदेश के विकास, जनकल्याण और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
