हरिद्वार। कल्कि धाम के परमाध्यक्ष एवं संत प्रमोद कृष्णम को कथित तौर पर धमकी दिए जाने के मामले को लेकर राष्ट्रीय व्यापार मंडल उत्तराखंड ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर प्रमोद कृष्णम की सुरक्षा बढ़ाने तथा धमकी देने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पत्र में संजीव चौधरी ने कहा कि प्रमोद कृष्णम देश के करोड़ों सनातनियों की आस्था से जुड़े संत हैं। उन्हें धमकी दिए जाने की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में मजबूत सरकार होने के बावजूद कुछ कथित धर्म विरोधी ताकतें माहौल खराब करने और समाज में उन्माद पैदा करने का प्रयास कर रही हैं। चौधरी ने गृह मंत्री से मांग की कि प्रमोद कृष्णम की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर उसे और मजबूत किया जाए। साथ ही धमकी देने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध ऐसी प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में कोई भी व्यक्ति संतों को धमकी देने का दुस्साहस न कर सके। उन्होंने कहा कि संत समाज की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना आवश्यक है। संगठन ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगी।
