फोर्टिफाइड लोगो से लेकर हेल्थ क्लेम तक पर उठे सवाल, अमेजन की ऑनलाइन लिस्टिंग भी जांच के घेरे में
हरिद्वार, 11 सितंबर। खाद्य तेल बेचने के लिए किए जा रहे दावों और विज्ञापनों पर अब खाद्य सुरक्षा विभाग की नजर टेढ़ी हो गई है। भ्रामक विज्ञापन और गलत जानकारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विभाग ने प्रीट लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के मामले में निर्माता कंपनी, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन और फिल्मी अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने खाद्य तेल का नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया था। जांच के दौरान उत्पाद के लेबल, विज्ञापन और अमेजन पर उपलब्ध उत्पाद संबंधी जानकारी में कई अनियमितताएं सामने आईं।
विभाग के अनुसार तेल के लेबल पर अर्चना पूरण सिंह की तस्वीर के साथ “खाना बनाओ, स्वाद पाओ” टैगलाइन के जरिए उत्पाद का प्रचार किया गया है। साथ ही लेबल पर फोर्टिफाइड फूड का लोगो भी प्रदर्शित किया गया। विभाग का आरोप है कि निर्माता कंपनी तपन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, आगरा ने FSSAI से आवश्यक प्रमाणन कराए बिना फोर्टिफाइड फूड लोगो का इस्तेमाल किया।
मामला यहीं नहीं रुका। उत्पाद के लेबल पर किए गए विभिन्न क्लेम और हेल्थ क्लेम को लेकर भी विभाग ने दस्तावेजी प्रमाण मांगे हैं। कंपनी से अभिनेत्री के साथ किए गए विज्ञापन एवं इंडोर्समेंट एग्रीमेंट, सहमति पत्र तथा तमाम दावों के समर्थन में जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है।
वहीं अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह से भी विज्ञापन और इंडोर्समेंट से जुड़े एग्रीमेंट व सहमति पत्र की प्रतियां तथा उत्पाद के संबंध में किए गए दावों का स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उधर, अमेजन पर भी विभाग की नजर गई है। अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, हुबली, कर्नाटक को नोटिस जारी कर वेबसाइट पर खाद्य तेल की अतिशयोक्तिपूर्ण एवं कथित गलत जानकारी प्रदर्शित किए जाने के संबंध में जवाब और दस्तावेज मांगे गए हैं।
अब देखना दिलचस्प होगा कि निर्माता कंपनी, अभिनेत्री और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म विभाग के सवालों पर क्या जवाब देते हैं। फिलहाल खाद्य तेल का यह मामला लेबल से लेकर विज्ञापन और ऑनलाइन बिक्री तक सुर्खियों में आ गया है।
