हरिद्वार। बाबा नीम करौली के जीवन और संदेश पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के बाद फिल्म निर्माता अनुप्रिया नागर अब संतों का आशीर्वाद लेने हरिद्वार पहुंचीं। सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर में उन्होंने आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद महाराज से मुलाकात कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
स्वामी कैलाशानंद महाराज ने कहा कि अनुप्रिया पूरे भाव और श्रद्धा के साथ अपने माता-पिता और दादा-दादी को साथ लेकर उनके पास पहुंचीं। उन्होंने बताया कि फिल्म के निर्माण में करीब दो करोड़ रुपये की बचत लगाई गई थी। फिल्म को लेकर जब सफलता पर आशंकाएं खड़ी हुईं, तब अनुप्रिया ने उन्हें याद किया। स्वामी कैलाशानंद के अनुसार, उसी रात उन्हें प्रेरणा मिली कि सब ठीक होगा। इसके बाद हनुमान जी के दर्शन हुए और परिस्थितियां भी अनुकूल होती चली गईं।
उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ की खासियत यह है कि इसमें बड़े सितारों के बजाय बच्चों ने अभिनय किया है। फिल्म में सत्यता, भाव और धार्मिकता का समावेश है। उन्होंने कहा कि धर्म में आस्था न रखने वाले लोगों को भी फिल्म देखनी चाहिए और बच्चों के प्रयास से सीख लेनी चाहिए कि सीमित संसाधनों में भी बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
इस दौरान अनुप्रिया नागर ने स्वामी कैलाशानंद महाराज के जीवन और साधना पर फिल्म बनाने की इच्छा भी जताई। हालांकि स्वामी कैलाशानंद ने फिलहाल इससे इनकार करते हुए कहा कि वह अभी साधना में हैं। ईश्वर की इच्छा होगी तो भविष्य में इस विषय पर विचार किया जाएगा।
अनुप्रिया नागर ने कहा कि फिल्म की सफलता उनके लिए महज बॉक्स ऑफिस की सफलता नहीं, बल्कि संतों और ईश्वर के आशीर्वाद का परिणाम है। उन्होंने स्वामी कैलाशानंद महाराज की साधना और आध्यात्मिक जीवन से प्रभावित होने की बात कही।
इस अवसर पर अनुप्रिया नागर ने सिद्ध पीठ दक्षिण काली मंदिर के अंतरराष्ट्रीय प्रभारी शांतनु शुक्ला का विशेष रूप से आभार जताया। उन्होंने हरिद्वार आगमन और मंदिर में मिले सम्मान एवं सहयोग के लिए शांतनु शुक्ला को धन्यवाद दिया। स्वामी कैलाशानंद महाराज ने अनुप्रिया और उनके माता-पिता को महादेव का प्रसाद, माला और आशीर्वाद भी प्रदान किया।
