हरिद्वार, 7 सितंबर 2026। कांग्रेस की कथित दलित विरोधी मानसिकता और हल्द्वानी प्रकरण को लेकर भाजपा ने सोमवार को हरिद्वार में बड़ा राजनीतिक प्रदर्शन किया। देवपुरा चौराहा स्थित गोविंद बल्लभ पंत पार्क में आयोजित ‘सामाजिक सौहार्द संकल्प धरने’ में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। धरने के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर कांग्रेस नेताओं के कथित आपत्तिजनक बयानों पर कार्रवाई की मांग की गई। धरने की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने की, जबकि संचालन अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला महामंत्री प्रिंस लोहट ने किया।
खजान दास बोले—कांग्रेस का दलित प्रेम कैमरे तक सीमित
कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का दलित प्रेम केवल कैमरे और राजनीतिक मंचों तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस उत्तराखंड और भाजपा को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दलित सम्मान को चुनावी नारा नहीं, बल्कि संवैधानिक जिम्मेदारी मानती है।
मदन कौशिक ने गिनाया कांग्रेस का इतिहास
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का इतिहास दलित महापुरुषों के सम्मान को लेकर सवालों के घेरे में रहा है। उन्होंने बाबू जगजीवन राम और डॉ. भीमराव आंबेडकर का उल्लेख करते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यशपाल आर्य की तस्वीर को कांग्रेस भवन में जमीन पर फेंकने की घटना पार्टी की मानसिकता को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में दलित समाज कांग्रेस को जवाब देगा।
स्वामी यतीश्वरानंद बोले—दलित सम्मान राजनीतिक हथियार नहीं
पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास और सबके सम्मान’ में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि दलित सम्मान संविधान से मिला अधिकार है, किसी राजनीतिक दल का हथियार नहीं। उन्होंने भाजपा सरकार द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर को भारत रत्न दिए जाने का भी उल्लेख किया।
देशराज कर्णवाल ने कांग्रेस से मांगी माफी
दर्जाधारी राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने कांग्रेस पर दलित समाज को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने बीकानेर में दलित जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट और मिर्चपुर कांड का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दलितों को ज्ञान देने से पहले अपने इतिहास के लिए माफी मांगनी चाहिए।
आशुतोष शर्मा बोले—2027 में जनता देगी जवाब
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस हल्द्वानी में न्याय नहीं बल्कि राजनीति तलाश रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस धरने के माध्यम से कांग्रेस की कथित दोहरी नीति को जनता के सामने ला रही है। उन्होंने अनर्गल बयानबाजी करने वाले कांग्रेस नेताओं पर कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सुपड़ा साफ कर देगी,
कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय गुप्ता, दर्जाधारी राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, संदीप गोयल, मनोज गर्ग, राजीव शर्मा, विकास तिवारी, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष तेलुराम चनालिया, संजीव कुमार, हीरा सिंह बिष्ट, संजीव चौधरी, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, हरजीत सिंह, उमेश जोशी, लव शर्मा, निपेन्द्र चौधरी, आशु चौधरी, प्रीति गुप्ता, रितु ठाकुर, धर्मेंद्र सिंह चौहान, अभिनव चौहान, एजाज हसन, विनीत जौली, भोला शर्मा, विक्रम भुल्लर, रंजना चतुर्वेदी, निशित ऐरन, संदीप सिंघानिया, राजबीर कश्यप, सूर्यकांत सैनी, संदीप शर्मा, भूप सिंह, मनोज गौतम, सुभाष चंद्र, लक्ष्मण सिंह नागर, सतीश कुमार, लोकेश पाल, मुनेश पाल, रेनू शर्मा, रजनी वर्मा, शीतल पुण्डीर, अनिल अरोड़ा, निर्मल सिंह, अम्बरीष सैनी, अरविन्द कुशवाह, सचिन आर्य, तरुण चौहान, प्रताप प्रधान, अरविंद प्रधान, राव अमरीन, विपिन चौधरी, अनिल शर्मा, राजेश रस्तोगी, प्रशांत शर्मा, कमल प्रधान, चित्र कुमार सैनी, सुशील पंवार, राव जमीर, बिंदरपाल, विजय पाल, सत्यनारायण शर्मा, पंकज बागड़ी, अंशु कुमार और सुबे सिंह सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
