लक्सर। (राजेश गुप्ता) शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब लक्सर (रजि.) की ओर से किसान विद्यालय इंटर कॉलेज के सेवानिवृत्त अध्यापकों को उनके घर-घर जाकर सम्मानित किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने गुरुजनों को माला पहनाकर पटका एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया और आशीर्वाद लिया।
इस दौरान शिक्षकों से मुलाकात कर विद्यालय के पुराने दिनों की यादें भी ताजा हुईं। शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा किए और पत्रकारों को आशीर्वाद दिया।
प्रेस क्लब लक्सर के अध्यक्ष इतेश धीमान ने कहा कि शिक्षक हमारे जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने कहा कि आज हम जिस मुकाम पर हैं, उसमें हमारे गुरुजनों की शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान है। सेवानिवृत्ति के बाद भी शिक्षकों का सम्मान और उनका आशीर्वाद हमारे लिए सदैव प्रेरणादायी रहेगा। शिक्षक दिवस पर गुरुजनों के घर-घर जाकर सम्मान करना हमारे लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब भविष्य में भी समाज के उन व्यक्तियों को सम्मानित करने का कार्य करता रहेगा, जिन्होंने शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
इस अवसर पर क्लब के महामंत्री राजेश गुप्ता, कोषाध्यक्ष अमन चौधरी, इस्लाम प्रधान, कमल, गुलशेर अली आदि समस्त पत्रकार मौजूद रहे।
