डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर रोशनाबाद एआरटीओ परिसर में संयुक्त निरीक्षण, कर्मचारियों को पारदर्शी और समयबद्ध कार्य के निर्देश
हरिद्वार, 5 सितम्बर। रोशनाबाद स्थित एआरटीओ कार्यालय परिसर में शनिवार को अचानक प्रशासनिक सख्ती देखने को मिली। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर एआरटीओ प्रशासन निखिल शर्मा और एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कार्यालय परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान जहां कार्यालय की व्यवस्थाओं और कामकाज की पड़ताल की गई, वहीं परिसर में अनधिकृत रूप से चल रहे ढाबे और कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों पर भी कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों, अभिलेखों, पंजिकाओं, लंबित प्रकरणों और ई-ऑफिस व्यवस्था का जायजा लिया। साफ-सफाई तथा आमजन को मिलने वाली सुविधाओं की भी जांच की गई। अधिकारियों ने कर्मचारियों को अभिलेख अद्यतन रखने और जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
सबसे ज्यादा चर्चा परिसर से ‘बिना काम’ जमे लोगों को हटाने की रही। कार्यालय और उसके आसपास अनधिकृत ढाबे तथा कुर्सी-मेज लगाकर बैठे व्यक्तियों को हटाया गया। साथ ही अनावश्यक रूप से भीड़ लगाने वालों को भी परिसर से बाहर किया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि बिना वैध कार्य के कार्यालय परिसर में दोबारा पाए जाने अथवा किसी अनधिकृत गतिविधि में संलिप्त मिलने पर नियमानुसार एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की कि परिवहन विभाग से जुड़े कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्वयं कराएं और किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या बिचौलिए के झांसे में न आएं।
