हरिद्वार, 5 सितंबर। नेपाल में आई भीषण आपदा के मद्देनजर गोर्खाली महिला कल्याण समिति ने 6 सितंबर को हरिद्वार में आयोजित होने वाले हरतालिका तीज महोत्सव को स्थगित कर दिया है। समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि इस समय उत्सव मनाने के बजाय आपदा प्रभावित लोगों की मदद करना अधिक जरूरी है, इसलिए महोत्सव के लिए एकत्रित धनराशि को आपदा पीड़ितों की मदद के लिए नेपाल भेजा जाएगा। समिति के संरक्षक पदम प्रसाद सुबेदी ने कहा कि नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। ऐसे कठिन समय में गोर्खाली समाज की जिम्मेदारी है कि वह पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा हो।
समिति की अध्यक्ष पदमा पांडेय ने कहा कि नेपाल के वर्तमान हालात को देखते हुए समिति ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता दी है। समिति अपने परिचितों और समाज के लोगों से भी आर्थिक सहयोग एकत्र करेगी, ताकि अधिक से अधिक सहायता नेपाल राहत कोष में भेजी जा सके।
महामंत्री शारदा सुबेदी ने कहा कि समिति की ओर से राहत राशि जुटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग करने की अपील की। गिरवर नाथ जन कल्याण धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष व समाजसेवी कमल खड़का ने समिति के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में पीड़ितों की मदद करना ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समिति की कोषअध्यक्ष रेखा शर्मा चंपा उपाध्याय और भावना शर्मा ने भी तीज महोत्सव स्थगित करने के निर्णय को उचित बताते हुए कहा कि इस बार उत्सव की खुशियों के बजाय नेपाल के आपदा प्रभावित परिवारों के साथ खड़े होने का समय है।
