हरिद्वार। कांवड़ मेले के दौरान अवैध शराब कारोबार पर आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्वालापुर क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापेमारी की। शनिवार को क्षेत्र-1 के आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने जोगिंदर और नौरती के घर दबिश दी। इसके बाद ऋषिकुल चौराहे पर संजय और सोमपाल के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई। अभियान के दौरान बैरागी कैंप क्षेत्र से उपदेश नामक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। सीमित संसाधनों और काम स्टाफ होने के बावजूद भी आपकारी विभाग की लगातार कार्यवाही जारी है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने करीब 324 टेट्रा पैक माल्टा देसी शराब (लगभग 8 पेटी), 21 पव्वे अंग्रेजी शराब तथा 9 बीयर कैन बरामद किए। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया और कई संदिग्ध मौके से फरार हो गए।
आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान ने बताया कि कांवड़ मेले के मद्देनज़र अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध शराब का कारोबार नहीं होने दिया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
