हरिद्वार। कांवड़ मेला 2026 में लाखों शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम हरिद्वार ने स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को लेकर बड़ा कदम उठाया है। नगर आयुक्त नंदन कुमार ने घोषणा की है कि नगर क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल (मूत्रालय) का उपयोग पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसके लिए सभी सार्वजनिक शौचालयों पर स्पष्ट सूचना वाले स्टिकर लगाए गए हैं और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी श्रद्धालु से यूरिनल उपयोग के नाम पर कोई शुल्क न लिया जाए। नगर निगम ने मेला क्षेत्र में 180 अस्थायी शौचालय और 120 एफआरपी (FRP) शौचालय स्थापित किए हैं। इसके अलावा बैरागी कैंप, पंतद्वीप, जटवाड़ा पुल सहित कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर भी पर्याप्त संख्या में शौचालय उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
