लखनऊ। राजधानी लखनऊ के इटौंजा स्थित नीलांश वाटर पार्क रविवार को हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बन गया, जब यहां एक वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत 5,000 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल हरियाली बढ़ाना ही नहीं, बल्कि लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करना भी रहा।
इस अभियान का शुभारंभ विधान परिषद नेता कुंवर अक्षय प्रताप सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य ध्रुव भारती बाबा, भाजपा नेता अशोक मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार दिलीप कुमार सिंह, सूर्य प्रताप सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने स्वयं पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान के दौरान नीम, जामुन, महुआ समेत औषधीय और फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए गए। आयोजकों का कहना है कि इन पौधों से न केवल पर्यावरण संतुलित होगा, बल्कि पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भी प्राकृतिक आवास और भोजन की व्यवस्था मजबूत होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुंवर अक्षय प्रताप सिंह ने कहा, वृक्ष केवल धरती की सुंदरता नहीं बढ़ाते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के जीवन और स्वच्छ सांसों का आधार हैं। आज हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल भी करे।
आयोजन से जुड़े संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से चलाया गया यह अभियान बेहद सफल रहा। उन्होंने कहा कि नीलांश वाटर पार्क और आसपास के क्षेत्र को इको-फ्रेंडली बनाने की दिशा में यह पहल एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसकी स्थानीय स्तर पर व्यापक सराहना हो रही है।
पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इस तरह के वृक्षारोपण अभियान नियमित रूप से चलाए जाएं और लगाए गए पौधों की समुचित देखभाल की जाए, तो आने वाले वर्षों में शहर का हरित क्षेत्र उल्लेखनीय रूप से बढ़ सकता है।
