हरिद्वार, 31 जुलाई। कांवड़ मेले में व्यवस्थाओं को परखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित स्वयं कांवड़ पटरी मार्ग पर पहुंचे और जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिवभक्तों से सीधे संवाद कर पेयजल, चिकित्सा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली तथा भरोसा दिलाया कि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मौके पर तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग 24 घंटे समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनी रहे। डीएम मयूर दीक्षित ने शिवभक्तों से विशेष अपील करते हुए कहा कि हरिद्वार की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से कूड़ा निर्धारित स्थानों पर डालने और सफाई कर्मियों व प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, तहसीलदार सचिन कुमार सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
